साध्वी यौन शोषण और पत्रकार छत्रपति हत्याकांड में सजा काट रहे डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह ने बुधवार को शाह सतनामपुरा धाम में पौने दो घंटे सत्संग किया। इस दौरान उसने अपने अनुयायियों को बेसहारा पशुओं को इंसान की तरह देखभाल करने का प्रण भी दिलवाया।
इसके साथ ही पंजाब, राजस्थान और हरियाणा से आए चार जोड़ों की शादियां भी करवाई। वहीं, हनीप्रीत भी पंडाल में सत्संग सुनने पहुंची हुई थी। बुधवार को डेरा प्रबंधन ने अपने अनुयायियों को दोपहर तीन बजे से सत्संग का समय दिया। इसलिए वे तीन बजे पंडाल में पहुंचने शुरू हो गए थे।
डेरा प्रमुख चार बजे सफेद कुर्ता पाजामा और नीली जैकेट पहने पंडाल में पहुंचा। इसके बाद उसने चार बजकर 20 मिनट पर सत्संग शुरू किया। पहले उसने डेरे के स्कूलों में आए बच्चों के सवालों के जवाब दिए।
एक महिला खिलाड़ी ने भी डेरा प्रमुख से सवाल जवाब किए। इसके बाद डेरा प्रमुख ने सभी अनुयायियों को प्रण दिलवाया कि वे बेसहारा पशुओं की इंसान की तरह ही सेवा करें और देखभाल करें। इसके बाद उसने भजन गाया कि मैं ते साईयां तेरी फोटो नाल गल्ला मारदे रहे।
पहले दिन की तुलना में बढ़ी स्क्रीन गुरमीत सिंह के सत्संग के दूसरे दिन 287 डेरों और जगहों पर सत्संग का लाइव टेलीकास्ट किया गया। जबकि पहले दिन 234 जगहों पर प्रसारण किया गया था।
डेरा प्रमुख के प्रवचनों के चलते ग्रामीण एरिया के डेरों में बड़ी एलईडी लगाई जा रही है। शाह सतनाम पुरा धाम डेरे में चार एलईडी और पुराने डेरे में चार एलईडी लगाई गई थी।
वहीं दिन में पुराने डेरे में अनुयायियों ने रंगोली सजाई हुई थी। दोनों डेरों में करीब 3500 के करीब अनुयायी थे। बताते चलें कि राम रहीम को 30 दिन की पैरोल फिर मिली है
राम रहीम मंगलवार को रोहतक की सुनारिया जेल से सात वाहनों के काफिले से निकला ओर सिरसा डेरे में सुबह 8 बजकर 40 मिनट पर पहुंचा था।