Jind Fraud : हरियाणा के जींद में ज्वेलर्स के साथ 27 लाख 65 हजार रुपए की ठगी होने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। ज्वेलर्स ने टाटा जूडियो कपड़ों के ब्रांड की फ्रेंचाइजी के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया था।
पुलिस को दी शिकायत में जींद की स्कीम नंबर पांच निवासी हिमांशु भोला ने बताया कि उसकी ज्वेलरी की दुकान है। एक जनवरी 2025 को उसने आनलाइन टाटा जूडियो पर जाकर आनलाइन फ्रेंचाइजी के लिए रजिस्ट्रेशन किया था। इसमें ई-मेल आईडी, मोबाइल नंबर डाला था। तीन जनवरी को उसके फोन पर कॉल आई और कहा कि वह जूडियो कंपनी मुंबई से बोल रहा है। कॉल करने वाले ने कहा कि एक सर्वे टीम उसकी लोकेशन पर आएगी और सर्वे रिपोर्ट देगी।
17 जनवरी को उसके पास कॉल आई और कॉल करने वाले ने कहा कि उसका सर्वे हो चुका है और यह ठीक पाया गया है। इसके बाद उसे बंधन बैंक का खाता नंबर देते हुए रजिस्ट्रेशन फीस के रुपए डलवाने के लिए कहा। उसने 2 लाख 65 हजार 500 रुपए उनके दिए खाते में डाल दिए। इसके बाद आरोपियों ने बवनदीप की पत्नी नैंसी के नाम से केनरा बैंक का खात नंबर देते हुए इसमें सात लाख रुपए डलवाने के लिए कहा। उसने तीन लाख रुपए आरटीजीएस के जरिए करवा दिए।
इसके बाद आरोपियों ने दो लाख रुपए, 50 हजार रुपए और छह लाख 50 हजार रुपए तीन बार में उससे ट्रांसफर करवाए। फेंचाइजी के नाम पर आरोपी उससे रुपए डलवाते रहे। 29 जनवरी को आरोपियों ने 44 लाख रुपए और डलवाने के लिए कहा तो उसे शक हुआ। उसने क्रॉस वेरिफिकेशन की तो पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हो गई है। आरोपियों ने उस से 27 लाख 65 हजार 500 रुपए हड़प लिए। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।