Haryana sugarcane farmers payment deadline: सोनीपत: हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने सोनीपत जिले के गोहाना स्थित चौधरी देवीलाल सहकारी चीनी मिल के पिराई सत्र 2024-25 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने गन्ना किसानों की आमदनी बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश की सभी चीनी मिलों में एथनॉल प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। इससे न केवल किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा, बल्कि मिलों के संचालन में भी सुधार होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए पेमेंट की समय सीमा घटाकर 7 दिन की जाए। इससे किसानों को जल्द आर्थिक लाभ मिलेगा।
पानी की समस्या का समाधान होगा
मंत्री ने गोहाना और बरोदा क्षेत्र में पानी की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन क्षेत्रों के किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे फसल उत्पादन में सुधार होगा और किसानों को फायदा होगा।
किसानों को मिलेगा बेहतर अनुभव
चीनी मिल में आने वाले किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके साथ उचित व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। पुराने गन्ना उत्पादकों को भी मिल से जोड़ने के प्रयास करने को कहा गया।
उत्कृष्ट किसानों को किया सम्मानित
सत्र के शुभारंभ के दौरान पिछले सीजन (2023-24) में सबसे अधिक गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। मुण्डलाना गांव के किसान पवन पुत्र टेकराम ने मिल गेट पर सबसे ज्यादा 16,582 क्विंटल गन्ना आपूर्ति की, जबकि भैंसवाल मिठान गांव के किसान दर्शन पुत्र रामकिशन ने खरीद केंद्र पर 4,328 क्विंटल गन्ना आपूर्ति की। दोनों किसानों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सरकार का उद्देश्य चीनी मिलों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना और गन्ना किसानों की आय में बढ़ोतरी करना है। इन नई पहलों के जरिए किसानों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।