Jind crime : जींद जिले में नरवाना, सफीदों और अलेवा क्षेत्र से चार लड़कियां गायब हो गई। एक लड़की जाते समय घर से नकदी और गहने लेकर भी निकली है तो सफीदों क्षेत्र से दो बहनें एक साथ बिना बताए निकल गई। संबंधित थाना पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अलेवा क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी 19 वर्षीय लड़की 18 नवंबर को घर से निकली थी। उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। जाते समय उसकी बेटी घर से 46 हजार रुपये की नकदी, सोने की दो अंगूठी, सोने के दो ओम, कानों की दो बाली, चांदी की पाजेब लेकर गई है। अपने स्तर पर हर जगह पता करने के बाद भी उसका कहीं कुछ पता नहीं चला।
वहीं दूसरी तरफ नरवाना शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में सीआइए स्टाफ गली निवासी एक युवक ने बताया कि 18 नवंबर को उसकी बहन घर से किसी को बताए बिना चली गई। शाम तक भी उसकी बहन वापस नहीं आई तो उन्होंने तलाश शुरू की। उनका कहीं कुछ पता नहीं चला।
सफीदों सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि 18 नवंबर को सुबह 10 बजे के करीब उसकी पत्नी दो बेटियां घर से कुछ काम के लिए निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। उन्होंने रिश्तेदारियों, जान-पहचान की जगह पर संपर्क किया लेकिन उनका कहीं कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर पता किया तो मालूम हुआ कि बसीनी निवासी भूपेंद्र और आनंद भी घर से गायब हैं।
उन्हें शक की है दोनों आरोपित ही उनकी बेटियों को भगा ले गए हैं। भूपेंद्र पहले भी उसकी बेटी के साथ बातचीत करता था लेकिन उन्होंने उसे रोक दिया था। आनंद भूपेंद्र का चचेरा भाई है। दोनों ने ही उनकी बेटियों को अज्ञात स्थान पर रखा हुआ है। पुलिस ने भूपेंद्र और आनंद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।