Labour copy : श्रम विभाग में एक ही अधिकारी द्वारा वर्क स्लिप प्रमाणित करवाने के चलते रद किए गए एक लाख से अधिक पंजीकरण दोबारा बाहल होंगे। इसके लिए मुख्यालय के स्तर पर ही कार्रवाई की जा रही है। विभागीय सूत्रों के अनुसार ऐसी व्यवस्था की जा रही है, जिसमें आनलाइन ही जांच के बाद इन पंजीकरण दोबारा बहाल किया जा सकेगा। इसके लिए श्रमिकों को सिद्ध करना होगा कि वे वास्तव में भवन निर्माण के काम से जुड़े हुए हैं।
गौरतलब है कि अलेवा में तैनात एक पटवारी द्वारा वर्क स्लिप प्रमाणित मिलने पर श्रम विभाग द्वारा करीब एक लाख दस हजार श्रमिकों के पंजीकरण 23 जनवरी को रद कर दिए गए थे। इनमें करीब 50 हजार ऐसे हैं, जिनकी वर्क स्लिप संदीप पटवारी द्वारा प्रमाणित की गई। हालांकि इस मामले की जांच विभागीय स्तर के साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा भी की जा रही है।
इस मामले में श्रम विभाग ने जींद के लिए फील्ड अधिकारी विवेक बतरा को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार उन्होंने अपने स्तर पर कई ऐसे श्रमिकों की जांच की है, जिनका पंजीकरण रद हुआ है। इसके बाद ही इनको दोबारा बहाल करने का फैसला लिया गया है। जींद जिला में 32 हजार श्रमिकों का पंजीकरण रद हुआ है।
मुख्यालय स्तर पर चल रही है प्रक्रिया
पंजीकरण रद होने वाले श्रमिकों का पंजीकरण दोबारा करने के लिए विभाग ने प्रक्रिया शुरू की है। यह मुख्यालय के स्तर पर ही चल रही है। जैसे ही इसकी अपडेट आएगी, श्रमिकों को बता दी जाएगी। इसके लिए विभाग के पोर्टल पर ही नई व्यवस्था की जा रही है।
दीपक वर्मा, सहायक श्रम कल्याण अधिकारी।