Education Minister Haryana: पंचकूला: हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने पंचकूला के सेक्टर-12 ए स्थित सार्थक राजकीय समेकित आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। मंत्री ने विद्यालय की कार्यप्रणाली और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के सरकारी स्कूलों के लिए रोल मॉडल बताया।
निरीक्षण के दौरान श्री ढांडा ने सुबह की पाली में शिक्षकों की उपस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हाजिरी रजिस्टर चेक किया और पाया कि विद्यालय के सभी 50 टीजीटी और पीजीटी शिक्षक समय पर उपस्थित थे। यह देखकर उन्होंने शिक्षकों और विद्यालय प्रशासन की प्रशंसा की।
नई शिक्षा नीति के लिए प्रेरणास्रोत
मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि यह विद्यालय प्रदेश के सरकारी स्कूलों के लिए एक आदर्श उदाहरण है। यदि अन्य स्कूल भी इसकी कार्यप्रणाली को अपनाएं, तो नई शिक्षा नीति 2020 (NEP) के सार्थक परिणाम जल्द ही सामने आ सकते हैं।
सभी स्कूलों को लेना चाहिए प्रेरणा
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने प्रदेश के अन्य स्कूलों के मुखियाओं से अपील की कि वे भी अपने स्कूलों में ऐसे ही मॉडल विकसित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधार तभी संभव है, जब सभी स्कूल अपने स्तर पर बेहतर कार्यप्रणाली अपनाएं और उच्च मानकों की दिशा में काम करें।
विद्यालय की उपलब्धियों पर जोर
सार्थक राजकीय समेकित आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पंचकूला ने अपनी कार्यप्रणाली और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से अन्य स्कूलों के लिए भी एक मिसाल पेश की है। शिक्षा मंत्री ने उम्मीद जताई कि इस तरह के प्रयास प्रदेश के सभी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
मंत्री के दौरे के बाद स्कूल प्रशासन और शिक्षक वर्ग में उत्साह का माहौल है। इस निरीक्षण से अन्य स्कूलों को भी प्रेरणा मिलेगी और सरकारी शिक्षा प्रणाली को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।