Success Story : जींद । हरियाणा नेशनल क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ी अमन कुमार का चयन अंडर-17 हरियाणा क्रिकेट टीम में हुआ है। अमन की यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि वह बेहद साधारण परिवार से संबंध रखता है। उसके माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अमन ने अपने सपनों को टूटने नहीं दिया। मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर उसने क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया और आज हरियाणा टीम में जगह बनाकर मिसाल कायम की है। अकादमी संचालक दीपक मलिक ने बताया कि अमन कुमार जींद जिले की टीम से कैथल खेलने गया था, जहां उसके बेहतरीन खेल के आधार पर चयनकर्ताओं ने उसे हरियाणा टीम के लिए चुना।
Success Story : हरियाणा का तेलंगाना के साथ होगा मुकाबला
अब वह हरियाणा की ओर से तेलंगाना के खिलाफ मुकाबला खेलेगा। उन्होंने कहा कि अमन पिछले चार वर्षों से अकादमी में अभ्यास कर रहा है। उसकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। यदि मेहनत और हौसला हो तो हर मंजिल हासिल की जा सकती है। अमन की उपलब्धि से जींद जिले में खुशी की लहर है और क्षेत्र के युवाओं को भी नई प्रेरणा मिली है।


