न्यूज कुंज नेटवर्क।
Haryana weather Today : मानूसन से पहले हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने आज और कल यानि 11 व 12 जून के लिए प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दो-तीन दिन पहले ही चली तेज आंधी से राज्यभर में जनजीवन प्रभावित हुआ है। हजारों बिजली के खंभे गिरने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, जबकि सड़क मार्गों पर भी आवागमन प्रभावित हुआ। यह अभी तक पूरी तरह से ठीक भी नहीं हुआ था कि अब फिर से दो दिन का आंधी, ओलों का अलर्ट जारी कर दिया गया है।
IMD के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नमी मिलने के कारण प्रदेश में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 13 और 14 जून को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
Haryana weather : आज का मौसम कैसा रहेगा
आज यानि 11 जून को हरियाणा के 17 जिलों में हल्की बूंदाबांदी और 5 जिलों में तेज बारिश की संभावना है। कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, यमुनानगर में 50 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं बाकी जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है।

12 जून का मौसम का हाल
कल का मौसम का हाल की बात करें तो 12 जून को पंचकूला, कुरुक्षेत्र, अंबाला व यमुनानगर में मध्यम बारिश की संभावना है तो वहीं बाकी जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद, मेवात, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
Haryana weather : 13 जून का मौसम का हाल
13 जून को प्रदेश के ज्यादातर हिस्से में हल्की बूंदाबांदी के आसार बने रहेंगे। जींद, रोहतक, कैथल व कुरुक्षेत्र में 25 प्रतिशत हिस्से में हल्की बूंदें देखने को मिल सकती है तो वहीं बाकी जिलों में हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि 15 जून से धान रोपाई का समय शुरू होने वाला है। ऐसे में यदि समय पर बारिश होती है तो किसानों को खेत तैयार करने में काफी मदद मिलेगी। हालांकि विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश के बाद खेतों में जलभराव की स्थिति बनने पर फसलों को नुकसान भी पहुंच सकता है।


