Jind Sports News : चेन्नई में आयोजित हुई 23वीं नेशनल पैरा एथलेटिक सीनियर प्रतियोगिता में जुलाना के वार्ड-2 सागर लाठर ने दो विधाओं में भाग लिया। इनमें गोला फेंक में स्वर्ण तथा डिस्कस थ्रो में रजत पदक प्राप्त किया।
17 से 20 फरवरी तक चली सीनियर पैरा एथलेटिक प्रतियोगिता में गोला फेंक में देश भर से 15 खिलाड़ी भाग ले रहे थे। सागर लाठर ने पहले गोला फेंक में भाग लेते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसी प्रतियोगिता की दूसरी विधा डिस्कस थ्रो में भाग लिया। इसमें 14 खिलाड़ी भाग ले रहे थे। इस इवेंट में सागर ने रजत पदक जीता।
सागर लाठर अब सितंबर माह में दिल्ली में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए ट्रायल के लिए क्वालीफाई हो गए हैं। सागर लाठर इससे पहले एशियन गेम्स 2023 में चाइना में भी भाग ले रहे थे और वहां चौथी पॉजिशन मिली थी। 2022 और 2023 में नेशनल गेम्स में सागर लाठर गोल्ड मेडलिस्ट रहे।
सागर लाठर वर्तमान में पीडब्ल्यूडी बीएंडआर में बेलदार लगे हुए हैं। जींद की रॉयल स्पोर्ट्स एकेडमी में तैयारी कर रहे हैं। सागर लाठर ने बताया कि वह पहले कबड्डी खेलते थे लेकिन 17 साल की उम्र में ही एंजरी की वजह से कबड्डी का खेल छूट गया। इसके बाद सागर ने हार नहीं मानी और शॉट पुट की तैयारी शुरू कर दी।
एक साल के अभ्यास के बाद ही सागर ने नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया। इसके बाद शॉटपुट के साथ-साथ डिस्कस थ्रो का भी सागर अभ्यास कर रहे हैं। सागर ने अपनी सफलता के लिए मेहनत के साथ-साथ पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारियों का आभार जताया है।



 
 
 
 
 
 
                                 
                              
		 
		 
		 
		 
		 
		 
		 
		 
		 
		 
		 
		 
		 
		 
		