न्यूज कुंज, नेटवर्क। भारत में पहली हाइड्रोजन ट्रेन (New Hydrogen Train) के सफल संचालन के बाद अब दिल्ली से सोनीपत के बीच भी हाइड्रोजन ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसे लेकर टेस्टिंग चल रही है। इसके बाद जींद से सोनीपत और सोनीपत से आगे दिल्ली का सफर हाइड्रोजन ट्रेन से ही हो सकेगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह बड़ी जानकारी दी।
दरअसल 17 जुलाई को जींद में हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद मंच से संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया, जहां हाइड्रोजन ट्रेन की पूरी टेक्नोलाजी उपलब्ध है। फिलहाल जींद से सोनीपत के बीच ट्रेन चली है। सोनीपत से दिल्ली तक भी इसकी टेस्टिंग चल रही है। जल्द ही सोनीपत से दिल्ली तक हाइड्रोजन ट्रेन दौड़ेगी।

New Hydrogen Train : कोई धुआं नहीं, कोई आवाज नहीं
रेल मंत्री ने कहा कि एक ऐसी टेक्नोलाजी की उपलब्धि आज भारत ने हासिल की है, जो चुनिंदा देशों में है। यह सब भारत के मजबूत नेतृत्व के संकल्प से संभव हो पाया। आज यह उस मजबूत नेतृत्व के संकल्प का दिन है। हाइड्रोजन की टेक्नोलाजी को यदि साधारण भाषा में समझे, तो पानी से हाइड्रोजन बनाई जाती है। इससे बिजली बनती है और उससे ट्रेन चलती है। कोई धुआं नहीं, कोई आवाज नहीं। एकदम साफ एवं स्वच्छ वातावरण। इसके लिए भारत के मजबूत नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व इंजीनियर की टीम को बधाई देता हूं। उन्होंने जहां-जहां ट्रेन रुकेगी, उन सभी स्टेशनों के नाम भी बताए।
New Hydrogen Train : रेलवे का मोड्रनाइजेशन
रेलमंत्री ने कहा कि रेलवे का यह एक तरह से मोड्रनाइजेशन है। पिछले 12 वर्षों यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक के बाद एक वंदे भारत, अमृत भारत, नए स्टेशन बनाना, नई पटरियां बनाना सभी संकल्प का ही हिस्सा है। जब कांग्रेस की सरकार थी, तब हरियाणा में रेलवे के लिए मात्र 315 करोड़ रुपये देते थे, आज प्रधानमंत्री उस 315 करोड़ से 11 गुणा ज्यादा साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये हरियाणा में रेलवे के विकास के लिए देते हैं।
आज हरियाणा में 18 हजार करोड़ रुपये के रेलवे के विकास का कार्य चल रहा है। 34 स्टेशनों का नवनिर्माण का कार्य चल रहा है। पांच स्टेशनों होडल, जींद, नरवाना, कालका व मंडी डबवाली का तो काम भी पूरा हो चुका है। इसके अलावा हरियाणा में 16 वंदे भारत व आठ अमृत भारत रेलगाड़ियां चल रही हैं। पूरे हरियाणा को शत-प्रतिशत विद्युतीकरण कर दिया गया है। इसके अलावा रेलवे के अनेक कार्य हरियाणा में चल रहे हैं।


