News of Haryana, जींद : प्रदेश भर में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंशी की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं। शुक्रवार दोपहर बाद जहां दिल्ली पटियाला नेशनल हाईवे पर बड़ौदा- उचाना के बीच हिसार से सांसद जयप्रकाश की गाड़ी के आगे अचानक सांड आ गया। सांड की टक्कर से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं दूसरी तरफ जींद शहर में शुक्रवार सुबह रोहतक रोड स्थित लक्ष्मी नगर में बुजुर्ग 82 वर्षीय पूर्व पार्षद बलबीर को एक सांड ने टक्कर मार कर बुरी तरह घायल कर दिया। उसे स्वजन शहर के निजी अस्पताल में लेकर गए। उनके सिर में 10 से ज्यादा टांके आए हैं।
सिर में गंभीर चोट लगी होने के कारण उनको स्वजन पानीपत के निजी अस्पताल में लेकर गए हैं। जहां उनको आइसीयू में रखा गया है। घुटनों, कोहनी व शरीर के अन्य हिस्सों में भी उनको चोट आई हैं। बुजुर्ग को सांड के टक्कर मारते हुए की पूरी घटना एक मकान में लगे सीसीटीवी में कैद में हो गई।
News of Haryana : सीसीटीवी में कैद हो गई घटना
फुटेज में साफ दिख रहा है कि सफेद कुर्ता-पायजामा पहने बुजुर्ग लाठी के सहारे गली में चल रहे थे। सामने गली में एक काला सांड खड़ा था। जैसे ही बुजुर्ग सांड के पास से गुजरा, तो इसी दौरान सांड भड़क गया और पलटकर बुजुर्ग पर हमला कर दिया। सांड की टक्कर से बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और उठ नहीं पाए। बुजुर्ग को गिरा देख एक स्थानीय युवक दौड़कर मौके पर पहुंचा। उसने बुजुर्ग को उठाया और संभाला। इसके बाद आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए।

घायल बलबीर के पड़ोसी जसबीर लाठर ने बताया कि लक्ष्मी नगर कालोनी में दो सांड घूमते हैं। जोकि पहले भी कई लोगों पर हमला कर चोटिल कर चुके हैं। जिससे लोगों में डर का माहौल है। इस हादसे के बाद भी सांड को पकड़ने के लिए प्रशासन की तरफ से कोई नहीं आया। इस मामले में कालोेनी के लोग एकत्रित होकर जल्द ही डीसी से मिलेंगे।
News of Haryana : खून का थक्का जमा हुआ है
बलबीर के बेटे दीपक ने बताया कि उनके पिता के सिर में गंभीर चोट है, खून का थक्का जमा हुआ है। अच्छे से जांच और इलाज हो सके, इसलिए पानीपत निजी अस्पताल में लेकर गए हैं। जहां उनको आइसीयू में भर्ती किया गया है।
शहर में बेसहारा पशुओं को पकड़ने का अभियान बंद है। पहले नगर परिषद ठेका देकर बेसहारा पशुओं को पकड़वा कर नंदीशाला भिजवाती थी। नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि अब गो सेवा आयोग और पशुपालन विभाग बेसहारा पशुओं को पकड़वाएगा।
News of Haryana : बेसहारा गोवंशी की वजह से पहले भी हो चुके कई हादसे
- बेसहारा गोवंशी की वजह से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। जिनमें कई लोगों की जान गई है और काफी लोग घायल हुए हैं।
- –पिछले साल गांव चांदपुर और शामदो के बीच अचानक बेसहारा गोवंशी आने से गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा कर खेत में पलट गई थी। हादसे में कार सवार पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
- –साल 2021 में रात को बुढ़ा बाबा बस्ती में रहने वाले अनूपगढ़ गांव निवासी 39 वर्षीय वीरेंद्र की नई अनाज मंडी के सामने सांड से बाइक टकराने से मौत हुई।
- –साल 2021 में कंडेला गांव के पास बाइक सवार 24 वर्षीय राकेश की बेसहारा गोवंश से टकराने से मौत हो गई थी।
- –तीन अप्रैल 2019 को नरवाना रोड पर गाय सामने आने से बाइक सवार अहिरका निवासी मनोज और राहुल की मौत हो गई थी। दर्शन नाम का युवक घायल हुआ था।

जल्द बेसहारा गोवंशी पकड़ने के लिए चलाया जाएगा अभियान
हरियाणा गो सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण गर्ग ने कहा कि बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए जल्द ही अभियान शुरू किया जाएगा। इसमें पशुपालन विभाग व नगर परिषद और नगरपालिकाओं का भी सहयोग लिया जाएगा। गांवों में लोग बेसहारा पशुओं को छोड़ देते हैं, जोकि शहर में ही आते हैं।


