न्यूज कुंज नेटवर्क, जींद। हरियाणा के मशहूर कलाकार मासूम शर्मा के साथ कुछ युवकों द्वारा हाथापाई करने, जान से मारने की धमकी (Masoom Sharm threat) देने का मामला सामने आया है। मासूम शर्मा अपनी चचेरी बहन की शादी में गए हुए थे तो उस समय यह घटना घटी। जुलाना थाना पुलिस ने एक युवक को नामजद कर के कुछ अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर के जांच शुरू कर दी है।
जुलाना के गांव ब्राह्मणवास निवासी मासूम शर्मा के बड़े भाई विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छह जुलाई की रात को वह अपनी चचेरी बहन की शादी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अग्रसेन धर्मशाला जुलाना में गया था। वहां पर उनका पूरा परिवार शादी में शामिल था तो उसी दौरान मासूम अपनी बहन प्रिया, जिसकी शादी थी, उससे मिलने के लिए कमरे में गया तो वहां साइड वाले कमरे में कुछ युवक शराब पी रहे थे और हो-हल्ला कर रहे थे।
Masoom Sharm threat : मासूम शर्मा को गाली देकर बुलाया
उनके पास हथियार भी थे। शराब पी रहे युवकों ने मासूम शर्मा को गाली देकर आवाज लगाई। मासूम के सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन आरोपियों ने हथियार निकाल लिए और हाथापाई पर उतर आए। मासूम शर्मा को आरोपियों ने धमकी दी। विकास ने बताया कि बाद में आरोपियों ने उसके बेटे लक्ष्य के साथ मारपीट की। वह उनमें से कार्तिक नामक युवक को जानता है, बाकी को नहीं जानता।
आरोपियों के किसी गैंग से लिंक मिल सकते हैं, इसलिए वह भय में हैं। आरोपियों ने तीन दिन के भीतर मासूम शर्मा को जान से मारने की धमकी दी है। जुलाना थाना के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने कहा कि कार्तिक नामक युवक को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


