Jind news : जींद की नई अनाज मंडी में भारतीय किसान यूनियन ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किसानों की मांग है कि फसल खरीद में अनावश्यक शर्तों, बायोमीट्रिक, ट्रैक्टर नंबर प्लेट की अनिवार्यता को हटाकर पुराने नियमों के अनुसार फसल की खरीद हो। अगर सरकार 11 अप्रैल सुबह 11 बजे तक उनकी मांगें नहीं मानती है तो फिर पूरे प्रदेश में चक्का (Jind news ) जाम किया जाएगा।
वीरवार को धरने पर डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा व एसडीएम सत्यवान मान पहुंचे। भाकियू के छज्जू राम कंडेला, जिला प्रधान बिंद्र नंबरदार, प्रेस प्रवक्ता रामराजी ढुल ने बताया कि मौजूदा व्यवस्था के तहत किसानों को फसल बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसे तुरंत सुधारने की जरूरत है। मंडियों में फसल खरीद के लिए निर्धारित समय किसानों के लिए पर्याप्त नहीं है। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है।
इसके अलावा यूनियन की ये भी मांग है कि प्रति एकड़ फसल खरीद को 25 क्विंटल से बढ़ाकर 30 क्विंटल किया जाए। इसके अलावा मंडी में किसानों को आ रही परेशानियों को दूर किया जाए। बिंद्र नंबरदार, रामराजी ने कहा कि मंडी में गेहूं आ चुकी है लेकिन एक भी ढेरी एमएसपी पर नहीं खरीदी गई है। किसानों की फसल का एक-एक दाना एमएसपी (Jind news gehu khareed) पर खरीदा जाए। इस मौके पर उमेद रेढू, राजेंद्र पहलवान बीबीपुर, जयबीर राजपुरा भैण, रणधीर मिलकपुर, सुभाष घिमाना, विजय गुलकनी, बलवान उझाना, गुरनाम कैथल समेत दूसरे किसान नेता मौजूद रहे।


