न्यूज कुंज (Jind News) : जींद जिले में तालाबों पर किए गए कब्जे हटवाए जाएंगे। इसे लेकर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (DDPO) ने सभी बीडीपीओ को आदेश जारी कर दिए हैं। इसी कड़ी में उचाना बीडीपीओ ने खंड के सभी सरपंच व ग्राम सचिव को सभी गांवों में तालाबों की निशानदेही करवा कर रिपोर्ट भिजवाने के लिए कहा है।
बता दें कि जींद जिले में कुल 1240 तालाब हैं, जिनमें से 600 से ज्यादा तालाबों पर अवैध कब्जे हैं। दैनिक जागरण ने तालाबों पर अवैध कब्जों का मामला प्रमुखता से उठाया था। अमृत सरोवर योजना के सिरे नहीं चढ़ पाने का बड़ा कारण तालाबों पर लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे भी हैं। तालाबों पर अवैध कब्जों के मामले में हाईकोर्ट भी सख्त है।
Jind News : हाई कोर्ट ने भी जारी किए हुए हैं आदेश
हाईकोर्ट की तरफ से प्रदेश सरकार को तालाबों से अवैध कब्जों को हटाने के आदेश जारी किए हुए हैं। वहीं जिला प्रशासन को गांवों में तालाबों पर अवैध कब्जों को लेकर काफी शिकायतें भी आ रही हैं। बता दें कि काफी गांवों में लोगों ने तालाबों की जमीन पर पक्के कब्जे करके मकान भी बनाए हुए हैं। कुछ माह पहले नरवाना के गांव भाणा ब्राह्माण में तालाब के ऊपर बने अवैध निर्माणों को प्रशासन ने गिराया भी था।
Read More : Jind news : जींद का लेफ्टिनेंट हर्ष दहिया बने कैप्टन
अमृत सरोवर योजना में काम होने के बाद कई तालाबों पर अवैध कब्जे
पंचायती राज विभाग ने अमृत सरोवर योजना के तहत जिले में करीब 160 तालाबों की सफाई, खोदाई का काम करवाया। इनमें से 60 तालाबों पर पगडंडी व घाट भी बनाए गए। चारों तरफ पौधारोपण कर सौंदर्यीकरण किया गया। कुछ गांव, जहां ग्राम पंचायतें अच्छे से रखरखाव कर रही हैं, वे तालाब तो ठीक स्थिति में हैं। लेकिन बाकी तालाबों पर दोबारा लोगों ने कब्जे कर लिए।
सभी बीडीपीओ को दिए हैं निर्देश : डीडीपीओ
डीडीपीओ संदीप भारद्वाज ने बताया कि डीसी डा. वैशाली शर्मा ने बैठक लेते हुए ग्राम पंचायतों के तालाबों की निशानदेही करवाने के निर्देश दिए हुए हैं। इस संबंध में सभी बीडीपीओ को पत्र लिखा जा चुका है। सभी बीडीपीओ को इस संबंध में कार्रवाई करवा कर रिपोर्ट भेजनी है।
यह खबर भी पढ़ें : जींद जंक्शन का जमीनी सच, पटरियां बन रहीं शॉर्टकट, बंद काउंटर, गर्म पानी और पंखों की कमी से यात्री परेशान


