Jind Crime news : हरियाणा के जींद में रोहतक रोड बाईपास पर चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के सामने होटल में सोमवार देर रात बारात में आए बारातियों में आपसी कहासुनी हो गई। इसमें बराह खुर्द निवासी विकास की उसके ही परिवार के लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। शव का रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम करवाकर स्वजनों को सौंप दिया।
गांव बराह खुर्द निवासी कृष्ण लाल अपने बेटे दीपक की बारात लेकर सोमवार रात चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के सामने एक होटल में आया था। इसमें उसके परिवार के काफी लोग भी शामिल हुए थे। रात को बारात में खाने-पीने का दौर चला हुआ था। इसी दौरान दूल्हे के ताऊ के 40 वर्षीय बेटे विकास की बारात में शामिल गांव के ही सतीश के साथ कहासुनी हो गई। उस समय तो वहां मौजूद अन्य बारातियों ने मामले को शांत कर दिया। कुछ समय के बाद विकास होटल से बाहर चला गया। सतीश भी उसके पीछे-पीछे वहां पर पहुंच गया।
Jind Crime news : लहूलुहान हालत में छोड़कर भागे
फिर से दोनों के बीच झगड़ा हो गया। उसी समय सतीश का बेटा अरुण और अमन भी मौके पर पहुंच गए। तैश में आए अमन ने अपने पास मौजूद चाकू से विकास की छाती और पेट पर वार कर दिए। इसमें विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर आरोपित सतीश अपने दोनों बेटों को गाड़ी में लेकर फरार हो गया। लहूलुहान हालात में विकास को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। यहां से चिकित्सकों ने विकास की गंभीर हालात देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई रोहतक में विकास की उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।
मृतक के बड़े भाई अरविंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि विकास सेना से रिटायर्ड होकर अब सिंचाई विभाग में बेलदार के पद पर कार्यरत था। रात को उसके चचेरे भाई दीपक की बारात जींद के होटल में पहुंची थी। बारात में शामिल गांव के सतीश से उसके भाई विकास की कहासुनी हो गई। इस पर सतीश ने अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर उसके भाई विकास की हत्या कर दी। सदर थाना के जांच अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि सदर थाना पुलिस ने अरविंद की शिकायत पर सतीश, उसके बेटे अरुण व अमन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये खबर भी पढ़ें : हरियाणा में हैप्पी कार्ड को लेकर बड़ी अपडेट
Haryana Roadways : हैप्पी कार्ड एक्टिवेट होने शुरू, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आ रहे मैसेज


