Uchana News : जींद जिले के उचाना क्षेत्र के घोघड़ियां गांव में शांति और सुख समृद्धि के लिए हवन किया गया और इसके बाद गांव के तालाब के चारों तरफ 325 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में जिला परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा पहुंचे और विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व चेयरमैन वीरेंद्र बूरा, बलराज श्योकंद, और विरेंद्र कौशिक मौजूद रहे।
गांव की बाबा गैबी साहिब कमेटी और जोहड़ कमेटी के सदस्यों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इसके बाद हवन किया गया। ग्रामीण महावीर प्रधान, रामबिलास, रघुबीर, रामभज, विश्वास बूरा, जितेंद्र, जयसिंह, सुमित, काला, विक्की, राकेश, विकास, सुनील, दीपू, साहिल, गोलू, ने कहा कि गांव की दरफैन पत्ती ने 70 लाख रुपए का चंदा एकत्रित कर के बाबा गैबी साहिब के पास तालाब की चारदीवारी निकलवाई और मिट्टी भरत कर के पार्क की जगह बनाई है।

यहां पर दोनों ओर 325 पौधे रोपित किए गए हैं। इनमें पीपल, नीम, बरदग के अलावा अर्जुन की छाल, बेलपथर, कल्प वृक्ष जैसे आयुर्वेदिक पौधे भी लगाए गए हैं। इसके अलावा तालाब में नहरी पानी भरवाया गया है। गांव के श्मशान घाट में भी पौधारोपण किया गया। मुख्यातिथि कुलदीप रंधावा ने कहा कि जिला परिषद के अधीन आने वाले ग्रांट से गांवों में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों की मांग पर वाटर कूलर दिया।

उचाना विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन वीरेंद्र घोघड़ियां ने कहा कि गांव में आपसी भाईचारा बना रहना चाहिए। गांव की तीनों पट्टियों के लोग मिल कर काम करें। सरकार से जो मदद मिल रही है, उसके अलावा भी ग्रामीण निजी सहयोग से सामूहिक कार्य करवाते रहें। ग्रामीणों ने तालाब पर अच्छा कार्य किया है। वीरेंद्र कौशिक ने कहा कि पूरे गांव का भाईचारा कायम रहना चाहिए। सामूहिक कार्यों में मिलकर भाग लेना चाहिए।


