Anil Vij: चंडीगढ़ में हरियाणा की नई विधानसभा बिल्डिंग को लेकर हरियाणा और पंजाब के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर अब हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने पलटवार किया है।
अनिल विज का बयान
अनिल विज ने भगवंत मान के बयान का जवाब देते हुए कहा कि हम अपनी विधानसभा बना रहे हैं और पंजाब को इस पर आपत्ति हो रही है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ को लेकर हुए पुराने समझौतों को भगवंत मान को पढ़ना चाहिए। विज ने स्पष्ट किया कि समझौतों में यह लिखा है कि हिंदी भाषी क्षेत्रों को हरियाणा को ट्रांसफर किया जाएगा।
Anil Vij ने ये भी कहा कि जब तक एसवाईएल का पानी हमें नहीं मिलता, तब तक जितना अधिकार पंजाब का चंडीगढ़ पर है, उतना ही हरियाणा का भी है।
अनिल विज का हुड्डा पर निशाना
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि हुड्डा के कार्यकाल में सरकार की मेहरबानी से ही कुछ लोगों के BPL कार्ड बनते थे। बाकी जरूरतमंद लोग चक्कर काटते रह जाते थे।
Anil Vij ने कहा कि मौजूदा सरकार ने सिस्टम को पारदर्शी बनाया है। अब लोग अपनी आय बताकर आसानी से कार्ड बनवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम बीपीएल परिवारों को अनाज दे रहे हैं और अगर हुड्डा को इससे परेशानी है, तो यह उनकी सोच को दिखाता है।
भगवंत मान ने दिया था ये बयान
दरअसल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि चंडीगढ़ में हरियाणा की नई विधानसभा नहीं बनने देंगे क्योंकि चंडीगढ़ पर पंजाब का हक है। इस पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा था कि चंडीगढ़ पर हरियाणा का भी उतना ही अधिकार है, जितना पंजाब का।

अनिल विज का हिमाचल कांग्रेस पर तंज
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस के नेता खुद को कानून से ऊपर समझते हैं। हिमाचल में एक महिला एसपी ने कांग्रेस नेता की पत्नी का चालान काटा था, जिसके बाद उसे छुट्टी पर भेज दिया गया। विज ने कहा कि कांग्रेस का राज शाही परिवार जैसा है, जहां उनके खिलाफ कार्रवाई करना गुस्ताखी मानी जाती है।
हरियाणा और पंजाब के बीच चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा बनाने को लेकर यह विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है।