Babita Phogat Vs Sakshi Malik: हरियाणा की स्टार रेसलर साक्षी मलिक की हाल ही में लॉन्च हुई ऑटोबायोग्राफी विटनेस से विवादों का दौर शुरू हो गया है। साक्षी मलिक ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आंदोलन में बबीता फोगाट की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाए थे कि बबीता ने उन्हें आंदोलन के लिए उकसाया था और इस मुद्दे पर परमिशन दिलाई थी। इसके जवाब में बबीता फोगाट ने साक्षी पर पलटवार करते हुए सोशल मीडिया पर कई कड़े बयान दिए हैं।
Babita Phogat Vs Sakshi Malik: बबीता फोगाट का तीखा पलटवार
बबीता फोगाट ने साक्षी मलिक के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। बबीता ने सोशल मीडिया पर लिखा, खुद के किरदार से जगमगाओ, उधार की रोशनी कब तक चलेगी? उन्होंने साक्षी पर तंज कसते हुए कहा कि पद और विधानसभा मिलने के बाद भी, साक्षी को कुछ हासिल नहीं हुआ, इसलिए वह किताब बेचने के चक्कर में अपना ईमान बेच रही हैं।
Babita Phogat Vs Sakshi Malik: आरोपों को बेबुनियाद बताया
बबीता फोगाट ने साक्षी के आरोपों पर तीखा जवाब देते हुए कहा कि साक्षी बार-बार बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं। उन्होंने कहा, साक्षी यह भी कह सकती हैं कि यौन शोषण के आरोप भी मैंने लगवाए हैं, या राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अवॉर्डों को गंगा में बहाने का प्लान मैंने बनाया था। बबीता ने साफ किया कि उनका इस पूरे मामले से कोई लेना-देना नहीं है और साक्षी मलिक झूठे आरोप लगा रही हैं।
कांग्रेस कनेक्शन पर सवाल
बबीता फोगाट ने साक्षी मलिक पर कांग्रेस के साथ जुड़े होने का आरोप भी लगाया। उन्होंने पूछा कि प्रियंका गांधी धरना स्थल पर खाना किसके लिए भेजती थीं और दीपेंद्र हुड्डा और भूपेंद्र हुड्डा वहां क्यों मौजूद थे? बबीता ने साक्षी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अपनी किताब लॉन्च करने के लिए भी बबीता के नाम की जरूरत पड़ी।
Babita Phogat: मेरे पास कोई पद नहीं, साक्षी को दे देती
WFI अध्यक्ष बनने के आरोपों पर बबीता ने कहा कि उनके पास कोई पद नहीं है और न ही उन्हें इसकी जरूरत है। उन्होंने कहा कि साक्षी खुद एक इंटरव्यू में कह चुकी हैं कि वह WFI की अध्यक्ष बन सकती हैं, तो आरोप उन पर क्यों लगाए जा रहे हैं? बबीता ने कहा कि अगर उनके पास कोई पद होता, तो वह साक्षी को दे देतीं।
Sakshi Malik: साक्षी मलिक का जवाब: तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा
विवाद के बीच साक्षी मलिक ने भी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनकी किताब के तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किताब में जो बातें हैं ही नहीं, उन्हें लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है।
Babita: बबीता के समर्थन में आए कई लोग
इस विवाद में बबीता फोगाट को समर्थन भी मिला है। उनकी बहन गीता फोगाट ने कहा कि अध्यक्ष बनने का लालच किसके पास था, यह सभी जानते हैं। वहीं, बबीता के पिता महावीर फोगाट ने कहा कि बबीता का इस विवाद से कोई संबंध नहीं है और प्रियंका गांधी और दीपेंद्र हुड्डा की ओर से बयानबाजी करवाई जा रही है।

Vinesh Phogat: विनेश फोगाट की प्रतिक्रिया
विनेश फोगाट ने भी इस मामले पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर खिलाड़ियों के लिए बोलना लालच है, तो यह लालच उन्हें स्वीकार है। विनेश ने कहा कि जब तक दोषी को सजा नहीं मिलेगी, उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
इस विवाद ने हरियाणा के कुश्ती जगत को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।