Rahul Yadav Fatehabad WKF Coach : हरियाणा के छोटे शहर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी पहचान बनाने वाले कराटे खिलाड़ी राहुल कुमार यादव ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राहुल ने विश्व कराटे महासंघ (WKF) का एक्रेडिटेड कोच प्रमाणन प्राप्त किया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतने के बाद अब उन्होंने नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को चैंपियन बनाने का लक्ष्य रखा है। वह भारत और अमेरिका के युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करेंगे।
फतेहाबाद के राहुल कुमार यादव के अनुसार, वह जिले के पहले ऐसे कराटे खिलाड़ी और प्रशिक्षक हैं, जिनके पास WKF का एक्रेडिटेड कोच प्रमाणन और महासंघ की पांचवीं डैन ब्लैक बेल्ट दोनों हैं। इसके अलावा वर्ष 2026 में उन्होंने यूएसए नेशनल कराटे-डो फेडरेशन से भी कोच प्रमाणन हासिल किया है। राहुल का कहना है कि ये उपलब्धियां उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को बेहतर प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी भी हैं।
स्कूल की प्रतियोगिता से शुरू हुआ था सफर
राहुल का कराटे का सफर वर्ष 1999 में स्कूल स्तर की प्रतियोगिता से शुरू हुआ था। लगातार अभ्यास और मेहनत के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2015 में सिडनी में आयोजित ISKA ऑस्ट्रेलियन ओपन में उन्होंने रजत पदक जीता। इसके अगले ही वर्ष 2016 में इसी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
उनकी उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं रुका। वर्ष 2017 और 2018 में कनाडा ओपन की पुरुष काता स्पर्धा में लगातार दो स्वर्ण पदक जीते। वहीं वर्ष 2019 में इस्तांबुल में आयोजित इंटरनेशनल टर्किश ओपन में कांस्य पदक हासिल किया।
विश्व चैंपियनशिप में कर चुके हैं भारत का प्रतिनिधित्व
राहुल कुमार यादव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी और टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वर्ष 2011 में मलेशिया में आयोजित WKF विश्व कैडेट, जूनियर और अंडर-21 चैंपियनशिप में उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। वर्ष 2013 में स्पेन में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में वह भारतीय दल के साथ टीम प्रबंधन की भूमिका में जुड़े। इसके अलावा वर्ष 2017 में दुबई में आयोजित WKF कराटे-1 प्रीमियर लीग में भी हिस्सा लिया।

अब युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए करेंगे तैयार
वर्तमान में अमेरिका के कैलिफोर्निया से जुड़े राहुल अब अपने अनुभव को दूसरे खिलाड़ियों तक पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी योजना अमेरिका में युवा खिलाड़ियों को व्यक्तिगत रूप से प्रशिक्षण देने के साथ भारत के वरिष्ठ खिलाड़ियों को ऑनलाइन माध्यम से मार्गदर्शन देने की है। इसके लिए वह जूम के जरिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित करेंगे।
उनके प्रशिक्षण में कराटे की सही तकनीक, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतियोगिताओं की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। राहुल का सपना ऐसे खिलाड़ी तैयार करना है, जो भविष्य में विश्व स्तर पर भारत और अपने देश का नाम रोशन कर सकें। वह कराटे को ओलंपिक कार्यक्रम में शामिल किए जाने की स्थिति में खिलाड़ियों को ओलंपिक पदक के लक्ष्य के साथ तैयार करना चाहते हैं।
अपने प्रशिक्षकों और सहयोगियों का जताया आभार
इस उपलब्धि पर राहुल ने अपने मार्गदर्शक सेंसई सेंथिल थियागराजन और सेंसई राजनेश चौधरी का विशेष आभार व्यक्त किया। इसके अलावा उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रीय कराटे टीम के कोच सेंसई डस्टिन बाल्डिस, सेंसई जॉन लिमकाको, यूएसए एनकेएफ की अध्यक्ष एलिसा आउ और साशा गेरिट्सन सहित यूएसए एनकेएफ और WKF से जुड़े अधिकारियों को मार्गदर्शन और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
राहुल का मानना है कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, धैर्य और सही मार्गदर्शन की अहम भूमिका होती है। उनका उद्देश्य छोटे शहरों के प्रतिभाशाली युवाओं को ऐसा मंच और प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना है, जिससे वे भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। अब तक खुद पदक जीतने का सफर तय करने वाले राहुल की अगली कोशिश नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को पदक विजेता बनाने की है।


