न्यूज कुंज (Jind crime news) : हरियाणा के जींद में भिवानी रोड अंडरपास के नजदीक दोपहर करीब डेढ़ बजे दो युवक रामनगर कालोनी निवासी रीना से कुंडल व मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। कुंडल निकालते समय महिला का एक कान भी कट गया।
रीना अपने पति देवेंद्र के साथ रामनगर में किराये के मकान में रहती है। वह भूपेंद्र नगर में एक फैक्ट्री में मजदूरी करती है। लंच करने के बाद रीना दोपहर को वापस फैक्ट्री जा रही थी। जब अंडरपास के पास पहुंची, तो वहां बनी दीवार के पास दो युवक खड़े थे। उन युवकों ने रीना को पकड़ लिया और मुंह दबा लिया। उसके बाद कानों से कुंडल और गले से मंगलसूत्र निकाल लिया।
जबरदस्ती कुंडल निकालते समय एक कान कट गया और रीना लहूलुहान हो गई। उसके बाद वहां पहुंचे लोगों ने डायल 112 पर काल कर पुलिस को बुलाया। वहीं स्वजन रीना को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में लेकर गए। रीना ने बताया कि कुंडल आधे तोले के और मंगलसूत्र एक तोले का था। जब वह दोपहर 12 बजे फैक्ट्री से घर के लिए आ रही थी। तब उक्त युवकों में से एक युवक अंडरपास के पास ही खड़ा था। तब उसने काले रंग के कपड़े पहने हुए थे।
Jind crime : मुंह दबाकर नीचे गिराया और जबरदस्ती छीना मंगलसूत्र
जब वह वापस लंच करने के बाद फैक्ट्री जा रही थी, तो अंडरपास के पास उसके साथ दूसरा युवक भी खड़ा था। उस समय दोनों युवकों ने सफेद रंग के कपड़े पहने हुए थे। एक युवक के पास तोलिया था, जिसने उसे देखकर मुंह पर ढक लिया। जब वह उनके पास से गुजरने लगी, तो उन्होंने अचानक उसे पकड़ लिया। उसके बाद मुंह दबा दिया, जिससे उसकी आवाज नहीं निकल पाई। कुंडल निकालते समय उसका कान कट गया, जिससे दर्द के मारे ज्यादा होश नहीं रहा। वारदात के बाद युवक मौके से फरार हो गए। इससे पहले उसने उन दोनों युवकों को कभी नहीं देखा।
Jind crime : चौकी इंचार्ज से गश्त शुरू करने की कर चुके मांग : पार्षद
वार्ड 31 के पार्षद संजय गोयल ने बताया कि भिवानी रोड पर अंडरपास चालू हो गया है। हालांकि अभी इसका काम पूरा नहीं हुआ है। अंडरपास के दोनों तरफ सर्विस रोड पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगी होने के कारण रात को अंधेरा रहता है। वहीं अंडरपास के पास जहां दीवार बनी हुई हैं, यहां दिन में भी लोगों का आवागमन कम रहता है। जिससे यहां वारदात की आशंका बनी रहती है। रोहतक रोड चौकी इंचार्ज को कई बार फोन करके अंडरपास के पास पुलिस गश्त शुरू करने की मांग कर चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद पुलिस गश्त शुरू नहीं हुई।
Jind crime : सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
रोहतक रोड चौकी इंचार्ज गीता देवी ने कहा कि पुलिस ने घटना स्थल पर जाकर निरीक्षण किया है। युवकों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। महिला से कुंडल व मंगलसूत्र छीनने वाले युवकों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। भिवानी रोड अंडरपास के पास पुलिस नियमित रूप से गश्त कर रही है। वे खुद भी वहां जाती हैं।
यह खबर भी पढ़ें : ACB Raid : जींद में एक हफ्ते में ACB की तीसरी बड़ी कार्रवाई, महिला पटवारी का पति 8 हजार रुपए रिश्वत लेते धरा


